कथाकार: गाय (लक्ष्मी) के लिए

Follow me on

गाय (लक्ष्मी) के लिए

"लक्ष्मी" की विदाई हो गई आज। माँ गाय को "लक्ष्मी" कहकर पुकारती थी। पापा के अस्वस्थ होने के बाद उसकी अच्छे से देखभाल नहीं हो पा रही थी, इसलिए हमने उसे अपने हजामिन के हाथों बेच दिया।

माँ रो-रोकर बताए जा रही थी कि आँगन सूना हो गया, चली गई "लक्ष्मी"। मन पसीज गया, अंदर से रुआँसा हो चुका हूँ।

ऐसे कभी सोचा नहीं था कि गाय हमारे खूँटे पर नहीं रहेगी। दोनों बहनों की विदाई पर जो अंतर्मन में दुःख हुआ था, आज उसी को महसूस कर रहा हूँ।

जब मैं 8 साल का था, तब राखी के दिन पुरानी गाय से एक बछिया हुई थी। उसे राखी बाँधकर हमने फोटो खिंचवाई थी। जब राखी हादसे में चली गई थी, तब रो-रोकर बेहाल हो गए थे। राखी के बाद उसकी जगह लक्ष्मी ने ली। वह हमारे दुःख-सुख की बराबर की साझीदार थी। जब बारिश में घर में पानी टपकता, तब वह भी हमारे साथ भीगती थी। कभी-कभार साथ भूखे भी रहे।

पापा के बीमार हो जाने पर मार्च में सौभाग्य से 2-3 दिन उसकी सेवा करने का मौका मिला। पापा-माँ के बाद मैं ही उसे संभाल सकता था। मजाल है कि उसके पास कोई चला जाए। आम गायों की तरह खुले में चरने नहीं जाती थी। कभी-कभार अगर उसका मन बहलाने का होता, तो रस्सी तोड़कर पूरे टोले में उधम मचा आती।

उसके खाने-बैठने की जगह के आसपास कोई रुकावट उसे बर्दाश्त नहीं थी। जो भी सामान मिलता, तोड़ देती। तोड़फोड़ करने पर पिटती भी थी कभी-कभी। पापा की आवाज़ को दूर से पहचान लेती थी और चिघाड़ने लगती थी। ऐसा कोई दिन नहीं था जब पहली रोटी उसे न दी गई हो। भोज-त्योहार में उसके लिए सब्जियों के छिलके लाना एक जिम्मेदारी रहती थी। नाद में जो भी रख देते, उसे ना-नुकुर किये खा लेती थी।

जब पेट खाली रहता, तो नाद के चारों ओर चक्कर लगाती। पेट भर जाता, तो बैठकर जुगाली करती। बिना बोले हमारा उससे संवाद होता रहता था।

माँ को हमेशा उसकी चिंता लगी रहती थी-कभी उसके चारे को लेकर, कभी उसके रहने के घर को लेकर। तभी तो हमने पहले उसके रहने के लिए घर बनाया, फिर अपने रहने के लिए। कई महीने पहले से पुआल-भूसा खरीदने, रखने और खत्म होने के बाद तक का इंतज़ाम करके रखना पड़ता था।

कभी-कभार रात को बछड़ा खुलकर उसके पास दूध पीने जाता, तब भी उसे पूरा दूध नहीं पीने देती। सींग से मारकर दूर कर देती ताकि बचा हुआ दूध हम सुबह निकाल सकें। इतना निश्छल प्रेम था उसका।

मार्च -2026 में गाय (लक्ष्मी) के साथ लिया गया तस्वीर 


Latest Update